महाराष्ट्र

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के जन्मदिन पर सीएम उद्धव ठाकरे,सुप्रिया सुले,फडणवीस सहित अनेक नेताओं ने दी बधाई

आज केंद्रीय मंत्री और BJP के कद्दावर नेता नितिन गडकरी (Union Minister Nitin Gadkari) अपना 63वां जन्मदिन मना रहे है,गडकरी की पहचान अजातशत्रु विकासपुरुष के रूप में होती है .केवल विकास कार्य को कर लेना या करवा लेना ही उनकी विशेषता नहीं अपितु अपने विरोधियों को भी अपने साथ में लेकर चलने की विशेषता ही उन्हें सबसे अलग बनती है

गडकरी के जन्मदिन पर अनेक नेताओं ने दी बधाई 

 CM उद्धव बालासाहेब ठाकरे 

नितीन गडकरी से मुलाकात के बाद उनके साथ बिताया गया प्रत्येक क्षण समाधान कारक लगता है। इसका कारण है कि मंत्रालय से जुड़ी जानकारी तो हम समझ सकते हैं, लेकिन गडकरी जी एक ही समय पर अनेक विषयों पर इतनी गहराई में बोलने लगते हैं कि हम आश्चर्यचकित हो जाते हैं। विकास एवं प्रगति के बारे में वे केवल बोलते ही नहीं बल्कि उसमें क्या दिक्कत है, उसे कैसे दूर किया जाना चाहिए, समस्या से निकलने का रास्ता तलाशने के लिए विशेष चाबी और उसे कब उपयोग करना है, वह उन्हें मालूम रहता है। इसलिए उन्हें “टास्क मास्टर” कहा जाए तो वह ज्यादा सही होगा।

वर्ष 1995 में युति सरकार के समय नितीन गडकरी जी की पहचान “पुलकरी” की थी। मुंबई-पुणे एक्स्प्रेस-वे का स्वप्न पूर्ण करने वाले नितीन जी पर बालासाहेब का विशेष प्रेम था और उन्होंने इसे कभी छिपाया भी नहीं। शिवसेना प्रमुख के प्रति उन्हें विशेष आदर था और आज भी है। उस समय, मैं राजनीति में नहीं था, लेकिन सभी दिग्गज लोग घर आते थे। उनसे करीब से मिलने एवं बोलने का अवसर नहीं छोड़ता था।

सुप्रिया सुले

देश के राजनीतिक क्षेत्र में इन दिनों जो नाम भरोसेमंद जान पड़ते हैं, उनमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का नाम बहुत ऊपर है। बावजूद इसके जब भी वे फुर्सत के क्षण पाते हैं, तो कभी नागपुर शहर में स्कूटर पर घूमते, कभी कार्यकर्ताओं के साथ दिल खोल कर हंसते-बोलते, तो कभी चटखारे लेकर नागपुरी चाट का स्वाद लेते दिखाई पड़ सकते हैं। इन क्षणों में मंत्री होने अथवा नेता होने की शान उनके आड़े कभी नहीं आती। यह ठीक है कि हमारे और उनके राजनीतिक मतभेद हैं, लेकिन आदरणीय पवार साहेब से प्रेरणा लेने की बात भी नितिन गडकरी खुलेआम बिना किसी संकोच के कह डालते हैं। जब नितिन गडकरी सार्वजनिक मंच से यह घोषणा करते हैं कि उनके पसंदीदा नेताओं में पवार साहेब का स्थान बहुत ऊपर है, तब उनका बड़प्पन अपने आप ही सबके सामने व्यक्त होता है।

देवेंद्र फडणवीस

सफलता के शिखर पर विराजमान नितिन जी, ‘दीर्घायु’ हों :

भारतीय जनता पार्टी के नेता और हमारे वरिष्ठ मार्गदर्शक माननीय श्री नितिन गडकरी आज 27 मई, 2021 को 64 वर्ष के हो गए हैं। यकीन नही होता, क्योंकि नितिन गडकरी अभी भी एक युवा से भी ज्यादा उत्साह के साथ काम कर रहे हैं। तीव्र गति से काम और इसके लिए आवश्यक अपार उत्साह उनका स्थायी भाव है। अपने काम में वे लगातार नए विचारों का सृजन करते हैं। उनकी विशेषता है कि वह अपने मन में आने वाले नए विचारों को पूरा करने के लिए दिन-रात प्रयास करते हैं।

कोई भी कठिनाई हो, उसको दूर करना उनका स्वभाव है। मुश्किल वक्त में भी उनके हौसले बुलंद रहते हैं। मुझे याद है, कुछ साल पहले उनका एक बड़ा एक्सीडेंट हो गया था। हमारा सौभाग्य था कि वे बच गए, लेकिन उनका एक पैर घायल हो गया। तब वे विपक्ष के नेता थे। ठीक से चल भी नहीं पाते थे, लेकिन इसके बावजूद विधानसभा में वे विपक्ष के लीडर की जिम्मेदारी बखूबी निभाते रहे। तत्कालीन सत्ताधारी दल के लोग लगातार उनके काम में बाधा डालते रहे, लेकिन सचमुच एक पैर पर खड़े होकर उन्होंने पार्टी को मजबूती से खड़ा कर दिया। उन्होंने उसी हालात में नागपुर नगर निगम चुनाव भी जिताया और भारतीय जनता पार्टी को भारी सफलता दिलवाई।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!